A2Z सभी खबर सभी जिले की

जनसुनवाई में 69 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

डिंडौरी : 24 मार्च, 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, एलडीएम रविशंकर सहित समस्त संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम चांदरानी माल के बैगा टोला से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल योजना बंद होने की समस्या बताई। परीक्षण अवधि के बाद एक वर्ष तक सुचारू जल आपूर्ति के उपरांत मोटर पंप में तकनीकी खराबी के कारण योजना बंद हो गई थी। इस पर संबंधित विभाग को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार ग्राम चांदपुर से हाईस्कूल तक प्रधानमंत्री सड़क निर्माण की मांग भी की गई। आवेदक ने बताया कि मार्ग कच्चा होने के कारण विशेषकर बारिश के समय छात्रों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिस पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित विभाग की जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में खसरा क्रमांक 124 की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें आवेदक ने आरोप लगाया कि संबंधित भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया है। जिस पर कलेक्टर ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने हेतु राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत क्षेत्र में पेयजल, नाली, सड़क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायतें भी सामने आईं। ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!