
डिंडौरी : 19 मार्च, 2026
ग्राम बालपुर में 20 मार्च 2026 को रानी अवंती बाई बलिदान दिवस के आयोजन को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ग्राम पंचायत बालपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, टेंट व्यवस्था, वाहन पार्किंग, आवागमन की व्यवस्था, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम गरिमामय एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि रानी अवंती बाई का बलिदान दिवस हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इसलिए आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडोरी सुश्री भारती मेरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, सहित समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।