
पांढुर्णा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत घोड़े ने विधायक निलेश ऊईके और कांग्रेस जिलाध्यक्ष जतन ऊईके के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी से को सौंप कर शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उईके, विधायक नीलेश उईके, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लताताई तुमड़ाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल सहित जिला, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से पांढुर्णा शहर के विभिन्न वार्डों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। हाल ही में साई धाम कॉलोनी और संतोषी माता वार्ड में हुई चोरी की घटनाओं के बाद भी अभी तक पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे आम जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति अविश्वास की स्थिति बन रही है।

नागरिकों का कहना है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं के कारण कई वार्डों में लोग रात भर जागकर स्वयं चौकीदारी करने को मजबूर हैं। रात के समय किसी भी प्रकार की हलचल या आवाज होने पर “चोर आया, चोर आया” की आवाजें सुनाई देती हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
नगर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में रात्रि के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए तथा अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण नहीं किया गया तो नगर कांग्रेस कमेटी जनता के साथ मिलकर पांढुर्णा बंद सहित उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।