
जब सीबीआई ने केस को अपने जिम्मे लिया, तो बढ़ गई जांच की रफ्तार
छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में हर एंगल से मामला खंगाल रही है सीबीआई

जहानाबाद। नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई ने केस संभालने के बाद पहली बार रविवार को जहानाबाद पहुंचकर जांच की। इससे पहले शनिवार को सीबीआई की टीम पटना हॉस्टल पहुंची थी। वहां से पांच बोरे सबूत जब्त किए और इसके बाद अगले दिन रविवार को जहानाबाद में परिवार से पूछताछ की, जब सीबीआई ने केस को अपने जिम्मे लिया है तो जांच की रफ्तार और बढ़ गई है। सीबीआई हर एंगल से मामला खंगाल रही है। 18 सदस्यीय टीम सुबह करीब नौ बजे छात्रा के पैतृक घर पहुंची। टीम में सीबीआई के आईजी और एसपी समेत कई अधिकारी शामिल थे। टीम ने पांच घंटे तक परिवार से पूछताछ की और मां से दो घंटे अलग बातचीत की।
जानकारी के अनुसार, पिता और भाई से भी अलग-अलग कमरों में कई सवाल पूछे गए। परिवार ने बताया कि टीम ने हर पहलू पर गहराई से जानकारी ली। सीबीआई ने छात्रा के आखिरी फोन कॉल्स की डिटेल्स भी खंगाली। परिवार ने सीबीआई को बताया कि छात्रा का मोबाइल टूटा हुआ है। पिता ने कहा कि मोबाइल बनवाने के बाद सीबीआई कार्यालय में खुद जाकर सौंप देंगे। बताया जा रहा है कि भाई का मोबाइल भी टीम ने जब्त कर लिया। टीम ने छात्रा के अन्य सामान की भी जांच की। सीबीआई ने पूछा कि छात्रा आखिरी बार घर कब आई थी और वह उस दिन किस-किस से मिली थी। उसकी पूरी दिनचर्या क्या थी। टीम ने इससे जुड़े साक्ष्य इकट्ठा किए। परिवार ने बताया कि मौत से 15 दिन पहले यानी 27 दिसंबर को छात्रा पटना से घर आई थी। उस समय कोई विशेष बात नहीं बतायी। मृतक छात्रा के परिवार ने कहा कि पहले स्थानीय पुलिस ने कुछ नहीं किया, लेकिन अब सीबीआई ने केस लिया है तो सच्चाई सामने आ सकती है। टीम ने आश्वासन दिया कि मामले की गहराई से जांच होगी, लेकिन लोग जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
जहानाबाद की छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। बीते छह जनवरी को उसे बेहोश हालत में कमरे में पाया गया। अस्पताल में पांच दिन कोमा में रहने के बाद 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। परिवार ने हत्या और यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद बिहार सरकार की अनुशंसा पर सीबीआई ने केस अपने हाथ में लिया।