
जपला–छतरपुर रोड पर इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
हुसैनाबाद, पलामू:जपला–छतरपुर रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज के समीप अवस्थित मनोज इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में बीती रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट है।
दुकान मालिक मनोज कुमार को आग की सूचना अहले सुबह मिली, लेकिन तब तक दुकान में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखे वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, एलसीडी टीवी, रूम हीटर, ब्लोअर, एसी सहित अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अगलगी की घटना में करीब 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस अगलगी की घटना ने दुकानदार की आर्थिक कमर तोड़ दी है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित दुकानदार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।