
डिंडौरी : 18 दिसंबर, 2025
कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में संबंधित अधिकारियों द्वारा धान खरीदी केंद्र लालपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खरीदी व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, भंडारण एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
किसानों ने बताया कि धान खरीदी में उपयोग किया जा रहा बारदाना आकार में छोटा होने के कारण धान की सिलाई में परेशानी हो रही है, जिससे खरीदी कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को शीघ्र उचित आकार का बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खरीदी केंद्र प्रभारी को तौल एवं भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी रखने, किसानों को समय पर सुविधा देने तथा समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।