

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मकरांव गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक स्टीयरिंग में फंस गए।

👨👩👧👦 एक ही परिवार के 10 लोग घायल
हादसे में बस में सवार एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। सभी यात्री कानपुर के शुक्लागंज से सिजवाही गांव (मौदहा क्षेत्र) में एक तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

🚑 पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बस चालक सूरज (35, निवासी कुलौली मजावन, कानपुर देहात) और ट्रक चालक अंकुर (24, निवासी डेरापुर, कानपुर देहात) को केबिन से बाहर निकाला गया।
घायलों को पहले मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों चालकों को कानपुर रेफर किया गया है।
⚠️ प्रशासन अलर्ट
हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
👉 घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।