
बानसूर पुलिस ने राजा होटल ग्राम माजरा रावत में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा कर दिया है। इस घटना में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना महिपाल उर्फ एमपी और विनोद पोसवाल के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था, जिसने हिंसक रूप ले लिया। घटना के दिन दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने फायरिंग करने वाले गुट से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें घनश्याम गुर्जर, भीमराज उर्फ कालू और अशोक कुमार शामिल हैं। ये सभी एमपी माजरा रावत गैंग से जुड़े हुए हैं। वहीं, गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास करने वाले गुट से एक आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घनश्याम गुर्जर और भीमराज उर्फ कालू पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।