
अंबेडकर नगर। सांसद रितेश पांडेय का बृहस्पतिवार को टिकट मिलने के बाद जनपद आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी है। जिले की सीमा से लेकर अकबरपुर नगर तक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता व शुभचिंतक बैंड बाजों व फूल मालाओं के साथ स्वागत करेंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से टिकट पाने के बाद सांसद रितेश सात मार्च को दिल्ली से लखनऊ होते हुए अंबेडकरनगर पहुंच रहे हैं। अयोध्या जनपद में भी उनका कई जगह स्वागत होगा। गोशाईगंज विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन स्थानों पर स्वागत समारोह तय हुआ है। अंबेडकरनगर जिले की सीमा यादवनगर तिराहे पर सुबह 11 बजे से स्वागत का सिलसिला शुरू होगा।
अलग-अलग बाजारों व अन्य स्थानों पर स्वागत के बाद अकबरपुर पहुंचकर सांसद महापुरुषों डॉ. भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल व डॉ. राममनोहर लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद अकबरपुर नगर स्थित भाजपा कार्यालय पर वे पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय भी जाने का कार्यक्रम है।
सांसद के स्वागत के लिए उनके समर्थकों के साथ ही भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी जिम्मा संभाल लिया है। एक दिन पहले बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों से दो पहिया व चार पहिया वाहनों को तैयार करने का काम तेजी से चलता दिखा।
