मौदहा, हमीरपुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत बुधवार को मौदहा तहसील परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
एसडीएम करणवीर सिंह एवं क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निकली रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली तहसील परिसर से शुरू होकर कोतवाली तक पहुंची।
इस दौरान लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत 16 दिसंबर तक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलत प्रविष्टियों में सुधार कराने तथा मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
वहीं तहसील परिसर में मतदाता पंजीकरण केंद्र के बगल में मतदाता हेल्प डेस्क भी खोली गई है। यहां पहुंचकर कोई भी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम देख सकता है।
जिन लोगों को अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) का नाम या मोबाइल नंबर पता नहीं है, उन्हें भी हेल्प डेस्क से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण गलत होने पर आवश्यक दो दस्तावेज प्रस्तुत कर संशोधन कराया जा सकता है।
साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए भी आवेदन की सुविधा दी गई है। अधिकारियों ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि नाम छूटा है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सुधार कराएं, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
