कहीं गेहूं-चने की बोवनी तो कहीं ड्रिप इरीगेशन से सब्जी उत्पादन पर जोर.. पुराने जलस्रोतों की सफाई और नए कुएं-ट्यूबवेल खुदवाने का काम तेज.. जल संकट ने समझाई पानी की अहमियत.. खेती के साथ ग्रामीण रोजगार के तौर-तरीकों में भी बदलाव; दूसरे राज्यों में मजदूरी के लिए होने वाला पलायन भी घटा…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। इस वर्ष मानसून में औसत से कम बारिश होने का असर अब रबी सीजन की खेती पर दिखाई देने लगा है। खेतों में बोवनी की तैयारियां शुरू होते ही किसानों ने इस बार अपनी खेती की रणनीति बदल दी है। अब किसान परंपरागत तरीके से बड़े रकबे में गेहूं और चने की बोवनी करने के बजाय अपने कुएं, ट्यूबवेल और अन्य जलस्रोतों में उपलब्ध पानी की क्षमता देखकर फसलों का चयन कर रहे हैं। पर्याप्त सिंचाई सुविधा वाले किसान गेहूं-चने की बोवनी कर रहे हैं, जबकि सीमित पानी वाले किसान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों और सब्जियों की खेती को प्राथमिकता दे रहे हैं।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खेतों की साफ-सफाई, जमीन तैयार करने और बोवनी का काम तेजी से चल रहा है। कम बारिश के कारण किसानों को इस बार पूरे रबी सीजन में सिंचाई की जरूरत और जलस्रोतों की क्षमता का आकलन करके ही निर्णय लेना पड़ रहा है। किसान पहले उपलब्ध पानी का हिसाब लगा रहे हैं, फिर उसी के अनुसार फसल लगाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि बीच सीजन में पानी की कमी से फसल खराब होने और आर्थिक नुकसान की स्थिति नहीं बने।
*जलसंकट ने समझाई पानी की कीमत, पुराने जलस्रोतों को संवारने में जुटे ग्रामीण*
कम बारिश ने किसानों और ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व भी समझा दिया है। अब गांवों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पुराने और अनुपयोगी पड़े जलस्रोतों को दोबारा उपयोगी बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में पुराने कुओं, बावड़ियों और ट्यूबवेल की साफ-सफाई, गहरीकरण तथा मरम्मत के कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर नए कुएं और ट्यूबवेल खुदवाने का काम भी युद्धस्तर पर चल रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगरीय क्षेत्रों में भी उपलब्ध जलस्रोतों के रखरखाव और पानी के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है।
शासन प्रशासन और जल उपभोक्ता समितियों, जल उपभोक्ताओं द्वारा नहरों की साफ सफाई, मरम्मत कार्य करवाकर जल वितरण व्यवस्था को दुरुस्त कर नहर का पानी अंतिम छोर तक पहुंचाने की कवायद की जा रही है। कम बारिश के बाद लोगों को यह अहसास होने लगा है कि पानी की एक-एक बूंद का संरक्षण और उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग कितना जरूरी है।
*ड्रिप इरीगेशन से सब्जी उत्पादन पर जोर*
सीमित पानी में अधिक उत्पादन लेने के लिए कई किसान ड्रिप इरीगेशन पद्धति अपना रहे हैं। ऐसे किसान पारंपरिक फसलों के साथ सब्जियों की खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। जिन खेतों में पर्याप्त सिंचाई की व्यवस्था है, वहां गेहूं और चने की बोवनी की जा रही है, वहीं कमजोर जलस्रोत वाले किसान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों और सब्जियों को विकल्प के रूप में चुन रहे हैं। इससे खेती में पानी के उपयोग को लेकर किसानों की सोच में बदलाव दिखाई देने लगा है।
*खेती के साथ ग्रामीण रोजगार की तस्वीर भी बदली*
कम बारिश का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण रोजगार की तस्वीर भी बदल रही है। पहले दीपावली के बाद मनावर क्षेत्र के कई ग्रामीण परिवार गुजरात, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में मजदूरी के लिए पलायन करते थे। परिवार के सदस्य कई महीनों तक दूसरे राज्यों में रहकर मजदूरी करते और आजीविका चलाते थे। हालांकि इस बार कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के नए तरीकों, सब्जी उत्पादन और स्थानीय स्तर पर बढ़े कृषि कार्यों के कारण श्रमिक परिवारों को गांव में ही रोजगार मिलने लगा है। इससे कई क्षेत्रों में दूसरे राज्यों की ओर होने वाले पलायन में कमी दिखाई दे रही है।
*पानी की उपलब्धता के हिसाब से बदल रहा फसल चक्र*
इस बार मनावर क्षेत्र में कम बारिश ने किसानों को खेती के साथ जल प्रबंधन के प्रति भी सजग किया है। कहीं जलस्रोतों की क्षमता के अनुसार गेहूं-चने की बोवनी हो रही है तो कहीं ड्रिप इरीगेशन के सहारे सब्जियों की खेती की तैयारी चल रही है। पुराने कुएं-बावड़ियों को पुनर्जीवित करने से लेकर नए जलस्रोत विकसित करने तक प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों का यह बदला हुआ रुख बताता है कि अब खेती में केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि उपलब्ध पानी का संरक्षण, उसका बेहतर उपयोग और पूरे सीजन की जरूरतों को ध्यान में रखकर फसल चक्र तय करना भी प्राथमिकता बनता जा रहा है।
