जनविश्वास शिविर में 200 से अधिक आवेदन, अस्पताल में बाहर की दवाइयां लिखने पर बीएमओ को चेतावनी
छात्रावास में खराब टीवी देख भड़के कलेक्टर, खाद नहीं देने वाले विक्रेता का स्टॉक जब्त कर दुकान बंद कराने के निर्देश
ईशानगर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ईशानगर में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व, बिजली, स्वास्थ्य, पंचायत सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर ग्रामीण शिविर में पहुंचे। किसानों ने खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया तो ग्रामीणों ने अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध नहीं होने, बिजली के अधिक बिल और पंचायत की दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता की मांग रखी। शिविर के दौरान कलेक्टर मृणाल मीना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखने की जानकारी मिलने पर उन्होंने बीएमओ को कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं टोकन बुक होने के बाद भी डीएपी खाद नहीं मिलने की शिकायत पर संबंधित विक्रेता का स्टॉक जब्त कर दुकान बंद कराने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर:- सत्येंद्र शुक्ला 🖋6260952129
छात्रावास में खराब टीवी देखकर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय सीनियर बालक छात्रावास की रसोई का जायजा लिया और मीनू के अनुसार बच्चों को भोजन दिए जाने की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाया गया टीवी चालू करने पर बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल टीवी ठीक कराने के निर्देश दिए।
बाहर की दवाइयां लिखने पर बीएमओ को चेतावनी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी, पैथोलॉजी और एक्स-रे कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी के पर्चे ऑनलाइन बनाने और एक्स-रे मशीन का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए लिखे जाने की जानकारी सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने बीएमओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सार्थक ऐप के माध्यम से आने-जाने की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अस्पताल में संचालित आधार केंद्र बंद मिलने पर आधार संचालक को बदलने के निर्देश दिए।
टोकन के बाद भी डीएपी नहीं मिली, विक्रेता की दुकान बंद कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्राम बिहटा निवासी उदय प्रताप सिंह ने कलेक्टर को बताया कि उनका डीएपी खाद का टोकन बुक होने के बावजूद उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने डीडीए को संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, खाद का स्टॉक जब्त करने और दुकान बंद कराने के निर्देश दिए।
शिविर में इन समस्याओं को लेकर भी पहुंचे ग्रामीण
जनविश्वास शिविर में ग्राम पंचायत ईशानगर की एक दर्जन से अधिक दुकानों का आवंटन खुली बोली अथवा पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया से कराने की मांग उठी। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से पदस्थ डॉक्टर साहू के स्थानांतरण, मरीजों को अस्पताल से ही दवाइयां उपलब्ध कराने, बिजली उपभोक्ताओं को अधिक बिल मिलने की शिकायतों का निराकरण करने और बिजली लाइन विस्तार के लिए खंभे लगवाने की मांग भी रखी गई। स्वामित्व योजना में पारदर्शिता के साथ दोबारा कार्य कराने का मुद्दा भी सामने आया।
कलेक्टर मृणाल मीना ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपकर निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लोक सेवा गारंटी के तहत पहले से चिह्नित पात्र हितग्राहियों को शिविर में लाभान्वित किया गया। उन्होंने स्वामित्व योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की बात कही।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, जिला पंचायत सदस्य छोटू शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत गुप्ता, सरपंच निधि जलज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
