संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
पांढुर्णा, 14 अक्टूबर 2026 / कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों, जनसमस्याओं तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक के प्रमुख निर्देश:
1. प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन बढ़ाने के निर्देश – श्रम विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने योजना के पंजीयन में प्रगति लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर पात्र श्रमिकों से संपर्क कर उन्हें योजना के लाभों की जानकारी दी जाए।
2. जलाशय में मत्स्य पालन करने वालों को पट्टा – टेमनी शहानी स्थित जलाशय में मत्स्य पालन कर रहे स्थानीय लोगों को नियमानुसार पट्टा उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
3. जरूरतमंद बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के निर्देश – कौड़िया में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्राप्त आवेदन पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बच्चों के माता या पिता में से किसी एक का निधन हो गया है अथवा जो अनाथ हैं, उन्हें स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़कर आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जाए।
4. किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश – जल संसाधन विभाग, सौंसर की समीक्षा के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने हेतु पूर्व में बैठक आयोजित न करने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समय रहते कार्ययोजना बनाकर विभागों में बेहतर समन्वय से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
5. सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण – कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्वयं प्रत्येक शिकायत को पढ़कर उसकी विषयवस्तु समझने और गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान ही उद्देश्य होना चाहिए।
6. टीकाकरण की कम प्रगति पर जानकारी तलब – टीकाकरण की कम प्रगति पर कलेक्टर ने डीपीओ को डीएमओ से कारणों की जानकारी लेकर समीक्षा करने और प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सुश्री नेहा सोनी सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
