मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में मकान किराये पर देने के बाद मकान मालिक और किरायेदार के बीच विवाद का मामला सामने आया है।
मकान मालिक संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय भगवती प्रसाद ने किरायेदार पर छह माह का किराया न देने और मकान खाली न करने का आरोप लगाते हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, मौदहा कस्बे के पूर्वी तरौस, कस्तूरबा विद्यालय के पास बाकी तलैया, वार्ड नंबर एक निवासी संदीप कुमार मजदूरी करने के लिए सूरत गए थे।
उन्होंने करीब छह माह पहले अपना मकान मौदहा कस्बे के कांशीराम कॉलोनी, छिमौली रोड निवासी राजेश कुमार पुत्र रामप्रकाश को बिरादरी और जान-पहचान के आधार पर आठ हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था। आरोप है कि सूरत से वापस लौटने के बाद जब संदीप कुमार ने किरायेदार से छह माह का बकाया किराया मांगा तो विवाद शुरू हो गया।
प्रार्थना पत्र में मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि किरायेदार राजेश कुमार ने पांच लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये चेक के माध्यम से पहले ही देने की बात कही। मकान मालिक के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में 11 अक्टूबर 2026 को मौदहा कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। संदीप कुमार का दावा है कि पुलिस की जांच में रुपये देने संबंधी बात सही नहीं पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों का चालान किया।
अब मकान मालिक ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अधिकारियों से मकान खाली कराने, छह माह का बकाया किराया दिलाने और किरायेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराने की मांग की है। मामले में मकान के कब्जे और किराये को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है।
