हमीरपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश कुमार के साथ श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, लंबित आवेदनों और महिला-पुरुष मतदाताओं के अनुपात की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ को विशेष कैम्प में आने वाले प्रत्येक नागरिक को आवश्यक सहायता एवं सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें तथा आवश्यकता पड़ने पर आवेदन करें।
