हमीरपुर। चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के आयुक्त अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस के साथ शनिवार को तहसील हमीरपुर सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं।
इस दौरान कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। आगामी विजयादशमी एवं दीपावली पर्व को देखते हुए आयुक्त ने बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। जर्जर विद्युत तारों और झुके पोलों को दुरुस्त कराने के साथ नालों एवं नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने पर भी जोर दिया।
आयुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराबी और दूषित पानी की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
पेयजल एवं सीवर पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदी गई सड़कों को कार्य पूरा होते ही दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने दीवान शत्रुघ्न सिंह जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी।
निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों को देखते हुए जांच, दवाओं और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने इंगोहटा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति का निरीक्षण किया। केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध मिला।
उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार समय से उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने, निर्धारित दरों पर पारदर्शी वितरण करने तथा वृद्ध पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग कतार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, किसानों को उर्वरक की उपलब्धता और त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
