हमीरपुर। जनपद की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 237 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 35 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील राठ में जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में महिलाओं सहित फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील सदर हमीरपुर में आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस.
ने जनसमस्याएं सुनीं। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार राठ में 125 शिकायतों में 15, सदर हमीरपुर में 42 में 13, सरीला में 35 में चार तथा मौदहा में 35 में तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया।
राठ तहसील में मिशन शक्ति के तहत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गौरी प्रेरणा कैंटीन का लोकार्पण किया तथा विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।
कृषि विभाग की ओर से महिला किसानों को निःशुल्क बीज किट भी प्रदान की गईं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष जांच के बाद निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।
