*सेवा सेतु अभियान के तहत लगा शिविर, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी*
*24 सितंबर तक चलेगा सात दिवसीय शिविर, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल*
*जनपद मीरजापुर से ब्यूरो चीफ अजय कुमार मौर्या की खास रिपोर्ट*
*जनपद मीरजापुर*
मीरजापुर पड़री। विकास खंड पहाड़ी के ब्लाक सभागार में शनिवार को सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख पहाड़ी इंद्र बहादुर पांडेय ने की। मुख्य अतिथि मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य रहीं। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिविर के दौरान ब्लाक परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने लोगों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है।
खंड विकास अधिकारी मुनिश कुमार सिंह ने बताया कि सात दिवसीय यह शिविर लगातार 24 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन अखिलेश श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक मौर्य, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
