DEEPAK SHARMA CORRESPONDENT
आलीराजपुर:- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर नीतू माथुर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकलकुई स्थित नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की आलीराजपुर उद्वहन सिंचाई परियोजना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानपुर तथा आंगनवाड़ी केंद्र अजंदा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की परियोजना के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नीतू माथुर ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं परियोजना से आमजन को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर नीतू माथुर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही कलेक्टर माथुर ने आंगनवाड़ी केंद्र अजंदा में बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और उन्हें कविता सुनाई। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों एवं केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
पोषण माह के अंतर्गत आयोजित पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने पोषण संबंधी जानकारी ली। साथ ही गर्भवती माताओं को पोषणयुक्त आहार एवं संतुलित भोजन के संबंध में नियमित रूप से जानकारी देने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए।
उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी निधि मिश्रा, तहसीलदार मंजू डावर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
