सुमेरपुर, हमीरपुर। थाना सुमेरपुर क्षेत्र के बसंत नगर में कीचड़ फैलाने को लेकर हुए विवाद में एक दृष्टिहीन दंपति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़िता ने पड़ोसियों पर लाठी-डंडों और ईंटों से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता सुखरनिया पत्नी छोटेलाल निवासी बसंत नगर के अनुसार, पड़ोसी इंद्र कुमार, उनकी पत्नी अनीता और उनकी पुत्री से कीचड़ फैलाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विपक्षियों ने दंपति के साथ मारपीट की।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके सिर पर ईंट से कई वार किए गए, जिससे वह घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित दंपति ने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
मामले में पीड़िता ने 10 सितंबर को थाना सुमेरपुर में तहरीर दी। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर इंद्र कुमार, उनकी पत्नी अनीता एवं पुत्री के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
