
मौदहा जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन एवं पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे 15 दिवसीय “ऑपरेशन रक्षा” के तहत बुधवार को मौदहा क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम एवं बाल श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान में एएचटीयू, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बाल संरक्षण इकाई तथा किशोर न्याय बोर्ड की संयुक्त टीम ने होटल, ढाबों, गैराज, दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन जांच की।
इस दौरान टीम ने मानव तस्करी, बाल श्रम, जहरखुरानी एवं बाल विवाह के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, 181 और 1076 की जानकारी दी। अभियान के दौरान चार बाल श्रमिकों को रेस्क्यू कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में बाल श्रम न कराने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम एवं मानव तस्करी के विरुद्ध ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

