A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा यातायात समिति की बैठक संपन्न

कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा यातायात समिति की बैठक संपन्न

दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था सुधार हेतु दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

Related Articles

पांढुर्णा /25 मई 2026/
कलेक्टर पांढुर्णा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा यातायात समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, आरटीओ छिंदवाड़ा, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुधार, सड़क निर्माण एवं रखरखाव तथा जनजागरूकता संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मोही घाट क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु एनएच-47 अधिकारियों को शॉर्ट टर्म उपायों के साथ-साथ लॉन्ग टर्म सुरक्षा उपायों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वाहन चालकों की गति नियंत्रण के लिए वाहन स्पीड डिटेक्शन सिस्टम लगाए जाने तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों पर स्वचालित चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

नगरीय क्षेत्र पांढुर्णा से केंद्रीय विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच-47 पर अंडरपास निर्माण की कार्यवाही प्रारंभ करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन को निर्धारित समयावधि तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पांढुर्णा जिले के नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने हेतु आरटीओ कार्यालय स्थापना के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए। साथ ही जिले को आरटीओ नंबर 74 मिलने के उपरांत नागरिकों को छिंदवाड़ा जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

सड़क मार्गों के किनारे झाड़ियां एवं गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को नियमित साफ-सफाई एवं सड़क मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए। बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु बसों एवं ऑटो वाहनों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने तथा अनावश्यक पार्किंग पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी जारी किए गए।

मोही घाट क्षेत्र में दुर्घटना रोकथाम एवं जनजागरूकता बढ़ाने हेतु टोल प्लाजा के माध्यम से वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सड़क मार्ग पर निर्धारित दूरी पर चेतावनी एवं जागरूकता संबंधी होर्डिंग लगाए जाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर द्वारा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा आगामी बैठक में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

Show More
Back to top button