
गणेश पाण्डे ,डिण्डौरी , 28 अप्रेल 2026
डिंडौरी कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। आयोजित जनसुनवाई में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आवास योजना, नल-जल योजना, रोजगार, उचित मूल्य दुकान, नाली सफाई, पेयजल संकट सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
ग्राम कंचनपुर निवासी श्रीमती बजराहिन बाई ने प्रधानमंत्री जनमन आवास की राशि न मिलने की शिकायत करते हुए राशि दिलाने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम खरगहना निवासी श्री गणेश प्रसाद राठौर ने नल-जल योजना की पाइपलाइन उनके घर तक नहीं पहुंचने से पेयजल संकट होने की बात कही और पाइपलाइन विस्तार कराने की मांग रखी। जिस पर कलेक्टर ने पीएचई के अधिकारी को जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कुछ ग्रामीणों ने रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवेदन देकर कार्य दिलाने की मांग रखी।
ग्राम धनुवासागर के ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान संचालक पर अभद्र व्यवहार, समय पर राशन वितरण न करने तथा अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए संचालक को हटाने की मांग की। वहीं वार्ड क्रमांक 13 अमरकंटक रोड निवासी नागरिकों ने मुख्य नाली की वर्षों से सफाई नहीं होने से जल निकासी बाधित होने और बीमारी फैलने की आशंका जताते हुए सफाई कराने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने नगर परिषद के अधिकारी को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, डिंडोरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।