माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में डिंडौरी जिले की छात्रा कुमारी मालती पाराशर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रावीण्य सूची (टॉप-10) में 10वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। संदीपनी हाई स्कूल, खुड़िया की छात्रा मालती ने 500 में से 490 अंक अर्जित किए हैं।
कुमारी मालती पाराशर एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके पिता दशरथ सिंह पाराशर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
मालती की इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मालती की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

