

बस्ती। जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदा खुर्द गांव में कंबाइन मशीन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
आरोप है कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर तक पहुंच गए और जमकर मारपीट की। इस हिंसक झड़प से पूरे गांव में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना में कई महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष के सुनील दुबे ने पैकोलिया थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।