
डिंडौरी : 24 मार्च, 2026
ग्राम चटुवा, विकासखंड डिंडोरी में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत “जल शक्ति से नव-भक्ति” कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में सेक्टर क्रमांक 1 में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पीपल वृक्ष के पूजन के साथ हुई, जिसके उपरांत ग्राम के पुराने कुएँ की सामूहिक सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकासखंड समन्वयक गणेश सिंह राजपूत ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना सतत विकास संभव नहीं है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की नियमित सफाई तथा जल संकट से निपटने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रकाश सिंह राजपूत ने अभियान की रूपरेखा एवं उसके सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में रघुनाथ सिंह चंदेल, अरुण कुमार चंदेल, अजय ठाकुर, मदन सिंह चंदेल, टीकाराम, कमल सिंह राठौर, मुकेश बनवासी, सुफल वनवासी, शिवकुमार चंदेल, एमएसडब्ल्यू छात्रा ज्योति चंदेल सहित नवांकुर संस्था “जन जीवन कल्याण समिति बिछिया” एवं ग्राम पंचायत चटुवा के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अरुण कुमार चंदेल द्वारा सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।