
भारत-नाइजीरिया संसदीय मैत्री समूह में सांसद बंटी विवेक साहू को सदस्यता
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के सांसद श्री बंटी विवेक साहू को भारत-नाइजीरिया संसदीय मैत्री समूह का सदस्य बनाया गया है। यह नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा फरवरी 2026 में 64 देशों के साथ गठित संसदीय मैत्री समूहों के अंतर्गत की गई है।
भारत-नाइजीरिया संसदीय मैत्री समूह का उद्देश्य दोनों देशों की संसदों के बीच संवाद, सहयोग और संसदीय कूटनीति को सुदृढ़ करना है। इस समूह के माध्यम से “सांसद-से-सांसद” (Parliament-to-Parliament) संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा, जो पारंपरिक सरकारी कूटनीति का पूरक माना जाता है।

नाइजीरिया समूह का प्रमुख एम. थम्बीदुरै (AIADMK) को नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में गठित इस समूह में सांसद बंटी विवेक साहू को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
समूह के प्रमुख कार्यों में संसदीय अनुभवों का आदान-प्रदान, विधायी प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा, तथा द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है। इसके अतिरिक्त व्यापार, तकनीक, सामाजिक नीति, संस्कृति और वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन एवं सुरक्षा के मुद्दों पर संवाद के लिए भी यह मंच उपलब्ध कराएगा।
समय-समय पर दोनों देशों के सांसदों के अध्ययन दौरे (स्टडी विज़िट) और प्रतिनिधिमंडल आदान-प्रदान भी इस समूह की गतिविधियों का हिस्सा होंगे, जिससे भारत और नाइजीरिया के बीच संसदीय संबंध और अधिक मजबूत हो सकेंगे।
सांसद बंटी विवेक साहू की इस नियुक्ति से छिंदवाड़ा-पांढुर्णा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।