
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में पत्रकारिता व जनसंपर्क के अवसरों की मिली विस्तृत जानकारी
डिण्डौरी।जिले के शहपुरा तहसील अंतर्गत पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल बिलगांव में कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को आत्मीय एवं गरिमामय विदाई दी गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल के साथ-साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा कैरियर गाइडेंस शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष उद्देश्यपूर्ण बना दिया।
विदाई समारोह में छलकी भावनाएं
विदाई कार्यक्रम के दौरान नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने स्वागत भाषण, शुभकामनाएं और प्रेरक संदेशों के माध्यम से अपने वरिष्ठ साथियों को उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने कहा कि दसवीं कक्षा के छात्र उनके लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत रहे हैं। विदा ले रहे विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों एवं मित्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कैरियर गाइडेंस शिविर में मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित कैरियर गाइडेंस शिविर में विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक विकल्पों और करियर संभावनाओं से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
माखनलाल विश्वविद्यालय व पत्रकारिता के क्षेत्र पर विशेष जानकारी
कैरियर गाइडेंस शिविर में डिण्डौरी जिले के वरिष्ठ पत्रकार भीमशंकर साहू ने विद्यार्थियों को एशिया के प्रथम माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में पत्रकारिता की पढ़ाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, योग्यता, आवेदन प्रणाली और चयन प्रक्रिया के बारे में सरल एवं स्पष्ट जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि माखनलाल विश्वविद्यालय में पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क एवं विज्ञापन जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जो विद्यार्थियों को मीडिया जगत के लिए तैयार करते हैं। साथ ही उन्होंने जनसंपर्क एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं, समाचार पत्र, टीवी चैनल, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सरकारी एवं निजी संस्थानों में उपलब्ध नौकरियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों में दिखा विशेष उत्साह
भीमशंकर साहू के मार्गदर्शन से छात्र-छात्राओं में पत्रकारिता एवं संचार के क्षेत्र को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं और इस क्षेत्र को करियर विकल्प के रूप में समझा।
विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कन्हैयालाल साहू, वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षक लक्ष्मी नारायण साहू, ओमप्रकाश साहू, विशेष प्रशिक्षक राहुल पाठक, शांति राम साहू सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
सफल व प्रेरणादायी रहा आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल बिलगांव में आयोजित यह विदाई समारोह एवं कैरियर गाइडेंस शिविर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत और स्मरणीय बनकर सामने आया।