
जमशेदपुर।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शहरी स्थानीय निकायों के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) अंतर्गत बिरसानगर आवासीय परियोजना की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परियोजना से जुड़े गृह प्रवेश से संबंधित सभी शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए 15 दिनों के भीतर लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
इसके साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
बैठक के दौरान शहरी क्षेत्रों में संचालित इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए उपायुक्त ने टाटा स्टील UISL तथा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
उपायुक्त ने सभी शहरी निकाय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुँचाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी जुगसलाई नगर परिषद श्री संदीप पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी चाकुलिया नगर पंचायत श्री मोटाय बनरा, सहायक नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित टाटा स्टील JUSCO के उप महाप्रबंधक श्री आर. के. सिंह एवं टाटा स्टील भूमि विभाग के श्री अमित सिंह भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति, तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
✍️ आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)



