

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ एवं मनोज कुमार राय जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में मुख्यालय के वृद्धाश्रम में मासिक निरीक्षण एवं विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक जीतेन्द्र सिंह परमार तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल चीफ आनंद कुमार सक्सेना उपस्थित रहे। शिविर के दौरान “माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007”, के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल छह वृद्धजनों द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिनमें पेंशन प्राप्त न होने, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा पारिवारिक विवादों से संबंधित समस्याएँ प्रमुख रहीं। इन शिकायतों के निस्तारण हेतु पैरालीगल वॉलंटियर्स को निर्देशित किया गया कि वे सभी प्रार्थना पत्र संकलित कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित करें ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में कुछ व्यवस्थागत कमियाँ पाई गईं, जिनमें टूटी हुई फर्श, अस्वच्छ वॉश बेसिन, और सीढ़ियों की खराब स्थिति शामिल थीं। साथ ही यह भी पाया गया कि संवासियों की रजाई एवं गद्दे पिछले आठ वर्षों से परिवर्तित नहीं किए गए हैं जबकि नियमानुसार इन्हें प्रत्येक पाँच वर्ष में बदला जाना आवश्यक है। इन सभी बिंदुओं पर प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वह अपने मुख्यालय से पत्राचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर सुधारात्मक उपाय कर रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रस्तुत करें। इसके अतिरिक्त, सभी दरवाजों पर मच्छररोधी जाली लगाने तथा समुचित सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया। बताया कि वृद्धजनों की शिकायतों के समाधान एवं वृद्धाश्रम की सुविधाओं में आवश्यक सुधार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सतत निगरानी और कार्यवाही की जाएगी।