
संवाददाता – डॉ. देशराज बिक्रांत, सारण (छपरा)।
हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद छपरा नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। निचले इलाकों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, दुकानों और आवासीय क्षेत्रों में पानी भर जाने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस आपदा की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर प्रशासन ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए जल निकासी का व्यापक अभियान शुरू किया। नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने धैर्य और समर्पण के साथ लगातार पांच दिनों तक राहत कार्य चलाया।
सभी वार्डों में तैनात रही विशेष जल निकासी टीम
शहर के सभी वार्डों में जहां जलजमाव की स्थिति थी, वहां 10 हॉर्स पावर की मशीनें लगाकर दिन-रात जल निकासी की गई। प्रत्येक स्थल पर 5 सदस्यीय स्टाफ टीम की नियुक्ति की गई ताकि कार्य निरंतर जारी रहे और चुनावी तैयारियों या दैनिक जीवन में कोई बाधा न उत्पन्न हो।
राजेंद्र स्टेडियम और कॉलेजों से पानी की त्वरित निकासी
राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन को ध्यान में रखते हुए राजेंद्र स्टेडियम में भी तेज़ी से जल निकासी कार्य कराया गया। यहां 30, 25 और 10 हॉर्स पावर की मशीनें लगाकर प्रशासन ने स्टेडियम को शीघ्र ही जलमुक्त किया।
वहीं, राजेंद्र कॉलेज छपरा में अत्यधिक जलजमाव होने के कारण लगभग 10 बड़ी मशीनें और 20 कर्मियों की टीम लगातार डटी रही। कॉलेज परिसर से निरंतर पंपिंग के माध्यम से पानी निकासी की गई ताकि आगामी विधानसभा चुनाव प्रशिक्षण में कोई बाधा न आए।
नगर प्रशासन की तत्परता और समन्वय
नगर प्रशासन की टीम ने इस विकट परिस्थिति में हर मोर्चे पर डटे रहकर कार्य किया। जहां भी संसाधनों की आवश्यकता हुई, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय ने तुरंत समाधान कराया। उनके मार्गदर्शन में नगर प्रशासन ने न केवल जल निकासी कराई, बल्कि बाद में प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग अभियान भी शुरू किया ताकि बीमारियों की आशंका को समाप्त किया जा सके।
छठ और दीपावली की तैयारियाँ शुरू
जल निकासी अभियान के उपरांत नगर प्रशासन ने छठ घाटों की सफाई और तैयारी का कार्य भी आरंभ कर दिया है। नगर आयुक्त ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।
संपूर्ण प्रशासनिक टीम का योगदान
इस व्यापक अभियान में उप नगर आयुक्त अरशद आलम, स्वच्छता पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सुमित कुमार (सिटी मैनेजर), वेद प्रकाश वर्णवाल, अरविन्द कुमार, सफाई निरीक्षक संजय कुमार, असगर अली, चंद्रमोहन यादव, राजू कुमार, सफाई जमादार संजय कुमार, पंप ऑपरेटर पप्पू कुमार, अभिषेक कुमार, चन्दन कुमार सिंह, कंचन कुमार यादव, रणधीर कुमार यादव, सहित सभी सफाई कर्मियों और सहयोगी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय ने सभी अधिकारियों, कर्मियों और शहरवासियों को इस कठिन परिस्थिति में सहयोग और धैर्य बनाए रखने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
डॉ. देशराज बिक्रांत
संवाददाता, सारण (छपरा)
