

बच्चों का कोई सुराग न मिलने से परिवार अनहोनी की आशंका से परेशान
जहानाबाद। जिले में 2 बच्चों की गुमशुदगी का मामला सामने आया है। अक्षय कुमार 9 महीने से और धर्मवीर कुमार 4 महीने से लापता है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसको लेकर काको मोड़ से DM कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारी संजय यादव ने कहा कि पुलिस गरीब परिवारों के बच्चों की खोज में रुचि नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर किसी VIP का बच्चा गायब होता, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती।
परिजन लगातार पुलिस के संपर्क में हैं। पुलिस का कहना है कि वे बच्चों की तलाश कर रहे हैं। इतने लंबे समय तक बच्चों का कोई सुराग न मिलने से परिवार अनहोनी की आशंका से परेशान है। मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही बच्चों को नहीं ढूंढा गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।