
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार स्थानीय संघ कोटपूतली के तत्वाधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा में 15 से 19 सितम्बर तक जिला स्तरीय आवासीय राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। इस आवासीय शिविर में स्काउट्स एवं गाइड्स को सुबह से देर रात तक विभिन्न प्रशिक्षण, शारीरिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अनुशासनात्मक कार्यों से प्रशिक्षित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य बालकों में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों का विकास करना है।

शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई IPS ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आकर्षक परेड और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। अतिथियों का तिलक लगाकर, स्कार्फ और माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। शिविर संचालक प्यारेलाल महला ने स्वागत भाषण के साथ विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष हंसराज रावत ने आभार ज्ञापित किया।
पुलिस अधीक्षक ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सेवा भाव के बिना कोई भी लक्ष्य पाना संभव नहीं है। स्काउटिंग से मिलने वाले संस्कार न केवल आपको गवर्नर अवार्ड दिलाएंगे बल्कि आपको जिम्मेदार और सशक्त नागरिक भी बनाएंगे।” उन्होंने बच्चों से नशामुक्त जीवन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे विषयों पर कार्य करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक सुरैला ने कहा कि ऐसे आवासीय शिविरों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। वरिष्ठ ट्रेनर कमलेश कुमार और ललित कुमार प्रजापत ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और संयम से काम करना सिखाती है। कार्यक्रम में अतुल कुमार आर्य,अतुल कुमार (अलवर) संदीप जांगिड़, जयसिंह यादव और किरना जाट सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक सचिव सीताराम गुप्ता ने शानदार ढंग से किया। पूरे आयोजन में स्काउट-गाइड बालकों की ऊर्जा और उत्साह देखने योग्य रहा। यह आवासीय शिविर 19 सितम्बर को स्काउट्स-गाइड्स की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और समापन समारोह के साथ संपन्न होगा।