A2Z सभी खबर सभी जिले की

*बलरामपुर : चोरी के जेवरात के साथ महिला गिरफ्तार* अभिनव सोनी श्रीदत्तगंज, बलरामपुर : थाना श्रीदत्तगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा कर महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी गए चाँदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। गौरतलब है कि ग्राम जमुनहवा (गौर) निवासी कालावती पत्नी पारसनाथ ने थाने में तहरीर दी थी कि 8 सितम्बर को वह रिश्तेदारी में गई थीं। घर पर उनकी 16 वर्षीय पुत्री अकेली थी। इसी दौरान दो महिलाएं भीख माँगने के बहाने उनके घर पहुँचीं। एक महिला ने उनकी पुत्री को बातचीत में उलझा लिया, जबकि दूसरी महिला घर के भीतर घुसकर चाँदी का पायल, हाफ करधनी, सोने का झाला, मंगलसूत्र और अन्य जेवरात चोरी कर ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष श्रीदत्तगंज कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। गश्त के दौरान मंगलवार को पुलिस टीम ने महदेईया चौराहे पर एक संदिग्ध महिला को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के एक जोड़ी पायल व एक हाफ करधनी बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम चंचला मण्डल (28 वर्ष) पत्नी बापी मण्डल, निवासी बाली घाट, थाना गाजोल, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) बताया। पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!