A2Z सभी खबर सभी जिले कीझारखंड

सिलेक्टेड गोविंदपुर में भीषण भू-धंसान: आधा दर्जन घर जमींदोज, लाखों का नुकसान; मौके पर पहुंची पुलिस, दहशत में ग्रामीण

कतरास : कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत राजहंस फैक्ट्री के पीछे सिलेक्टेड गोविंदपुर बस्ती में हनुमान मंदिर के सामने मंगलवार संध्या लगभग 7 बजे भीषण भू-धंसान की घटना हो गई। जमीन धंसने से संजय दास, ईश्वर दास, लक्ष्मण बाउरी, राजू भुइंया, हीरू दास समेत लगभग आधा दर्जन आदि ग्रामीणों के आशियाने पूरी तरह जमींदोज हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। नई बाइक, महंगे सामान, मवेशी आदि के जमीन में धंसने की सूचना मिल रही है। गनीमत रहा कि बिजली कटे होने के कारण लोग अपने घरों से बाहर थे अन्यथा जान माल की भारी क्षति हो सकती थी। घटना के बाद से क्षेत्र के हजारों लोगों में दहशत का माहौल है और ग्रामीण डर के मारे रात में अपने घरों में सोने से कतरा रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने दबी जुबान से इस दर्दनाक हादसे के लिए बगल के पोखरिया के बगल में चले अवैध खनन को सीधा जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि अवैध खनन के कारण जमीन अंदर ही अंदर खोखली हो चुकी थी, जिससे यह हादसा हुआ। वही कुछ लोगों का कहना है कि वर्षों पहले यहां बीसीसीएल ने माइनिंग चलाई थी। जिसके कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि सच्चाई क्या है यह तो आगे   की जांच में पता चलेगा।

घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस और बीसीसीएल (BCCL) के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थिति का जायजा लेने वार्ड नंबर एक की पार्षद डॉ. मधुमाला, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. स्वतंत्र कुमार कांग्रेस नेता अशोक प्रकाश लाल आदि मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया और प्रशासन से पीड़ित परिवारों के पुनर्वास तथा उचित मुआवजे की मांग की।

फिलहाल क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस व बीसीसीएल प्रबंधन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खतरनाक क्षेत्र का लाल घेरा से घेराबंदी की और आगे के खतरों को टालने में लगी हूई है!

Related Articles

 

 

Show More
Back to top button