
डबवाली के पालम होटल में पुलिस का छापा, अनैतिक गतिविधियों के आरोप में 10 को लिया हिरासत में!
डबवाली। चौटाला रोड़ पर स्थित पालम होटल में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर डबवाली पुलिस ने देर शाम छापा मारा। इस दौरान लगभग 10 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने वाले दो युवकों को 20 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया है।
क्या है पूरा मामला ?
यह कार्रवाई डीएसपी हेडक्वार्टर कपिल अहलावत, थाना शहर प्रभारी शैलेंद्र कुमार और महिला थाना प्रभारी कमला देवी की अगुवाई में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में नाबालिग बच्चों का अनैतिक कार्यों के लिए कमरों का उपयोग किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पालम होटल में छापा मारा और लगभग 10 युवक-युवतियों को होटल से हिरासत में लिया।
इन सभी को थाना शहर ले जाकर पूछताछ की गई और फिर उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस के काम में सहयोग न करने और मौके पर अधिकारियों की बात न मानने के चलते दो युवकों को हिरासत में लिया गया।
थाना शहर प्रभारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार इन दो युवकों पर धारा 172 (2) के तहत कार्रवाई की गई है। इनकी पहचान संदीप सिंह निवासी बाणा और जशनदीप सिंह निवासी बादल के रूप में हुई है।
आईडी पर दिया जाता है रूम
वहीं, होटल पालम के संचालक व पार्टनर सुखबीर सिंह ने बताया कि उनका होटल पूरी तरह से मंजूरशुदा है। उनके होटल में सभी ग्राहकों को आईडी लेने के बाद ही कमरा दिया जाता है और किसी भी कम उम्र के लड़के या लड़की को कमरा नहीं दिया जाता।