विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा की होगी अहम भूमिका – ए. विनोद
पीजी कॉलेज खरगोन में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का शुभारंभ
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, मातृभाषा में शिक्षा और नवाचार पर दिया जोर
150 से अधिक शिक्षाविदों, प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने लिया सहभागिता
खरगोन 28 नवंबर 2026। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी सह कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। ‘विकसित भारत-2047 : शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक शिक्षाविदों, प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने सहभागिता की। संगोष्ठी में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।
स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय देते हुए संगोष्ठी के विषय की प्रासंगिकता और वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। आयोजन सचिव डॉ. सावित्री भगोरे ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शिक्षा को संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। इसी दिशा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने और उद्योग जगत में अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर प्रदान करती है। कृषि भी अब केवल निर्वाह का साधन न रहकर उद्योग के रूप में विकसित हो रही है।
मुख्य अतिथि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के राष्ट्रीय संयोजक श्री ए. विनोद ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का महत्वपूर्ण खाका है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। भारत की वास्तविक उन्नति गांवों से जुड़ी है और विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने प्राध्यापकों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति का समग्र अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा का केंद्र विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जीवन की वास्तविक समस्याओं के समाधान से जोड़ना होगा।
श्री विनोद ने मातृभाषा में शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश तथा समस्या समाधान आधारित पाठ्यक्रम निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक कला है, जिसमें स्वयं आनंदित होने के साथ दूसरों को भी आनंदित करने का भाव निहित है। शिक्षा के सभी स्तरों को आपस में जोड़कर समावेशी पाठ्यक्रम विकसित करने की आवश्यकता है। भारतीय ज्ञान परंपरा में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने ‘दशपुत्रसमो द्रुमः’ का उल्लेख किया। इसका भावार्थ है कि एक वृक्ष दस पुत्रों के समान होता है। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
विशेष अतिथि एवं न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक श्री ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में पारंपरिक मूल्यांकन पद्धति के साथ समग्र मूल्यांकन को भी महत्व दिया जाना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लिखित परीक्षा के साथ प्रायोगिक गतिविधियों और नवाचार को प्रोत्साहित करती है। शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रत्येक शिक्षक को आत्मचिंतन करते हुए अपनी भूमिका को बेहतर बनाना होगा।
द्वितीय सत्र में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के मालवा प्रांत संयोजक एवं पारिजात ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, इंदौर के अध्यक्ष श्री सुनील पंड्या ने भारतीय दृष्टिकोण के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था विकसित करने और आत्मनिर्भरता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सकारात्मक बदलाव लाकर ही देश में व्यापक परिवर्तन संभव है। मातृभाषा और माटी का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने शिक्षकों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह करते हुए सदैव सकारात्मक और मन से युवा बने रहने का संदेश दिया।
द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के कुलगुरु डॉ. मोहनलाल कोरी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में ज्ञान, अनुसंधान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की निर्णायक भूमिका होगी। भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़कर कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नवाचार की व्यापक संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में कौशल, समस्या समाधान की क्षमता, नैतिकता और आत्मनिर्भरता विकसित करना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को ‘थिंक ग्लोबली, एक्ट लोकली’ का संदेश देते हुए स्थानीय संसाधनों एवं समस्याओं पर शोध और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का आभार संगोष्ठी संयोजक डॉ. डी.एस. बामनिया तथा द्वितीय सत्र का आभार प्रो. सी.एल. निगवाल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजिता पाटीदार एवं प्रो. ऐश्वर्या दिलावरे ने किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. आर.एस. देवड़ा, श्री रंजीत दण्डीर, श्री परसराम चौहान, डॉ. गायत्री चौहान, डॉ. ललित कुमार भटानिया सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापक, शोधार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
