बाबा जी के जयकारों से गूंजा गांव, रंगोली-फूलों से सजी सड़कें, भक्तों ने किया गरबा; हरिहर मिलन की परंपरा निभाई….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार। भारतीय सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था का अनुपम दृश्य देव ग्राम गुलाटी में देखने को मिला। गुरुजी की प्रेरणा से देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा जी की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्म और भक्ति के रंग में पूरे ग्राम को सराबोर कर दिया। पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और 'जय गुरुदेव' के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
*हरिहर मिलन की परंपरा का हुआ निर्वहन*
बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर 23 नवंबर की रात्रि भगवान शिव और श्रीहरि विष्णु के हरिहर मिलन की धार्मिक परंपरा निभाई गई। मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु सृष्टि का दायित्व भगवान शिव को सौंपकर योग निद्रा में चले जाते हैं। देवउठनी एकादशी पर उनके जागृत होने के बाद बैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि भगवान महाकाल पुनः सृष्टि का दायित्व श्रीहरि विष्णु को सौंपते हैं। इसी धार्मिक मान्यता के अनुरूप आयोजन में हरिहर मिलन का उत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
*रंगोली और फूलों से सजी सड़कें, गरबा नृत्य ने बांधा समां*
सतगुरु सेवा समिति के जगदीशचंद्र पाटीदार ने बताया कि शाम 7 बजे बालीपुर से श्री सुधाकर जी महाराज के सान्निध्य में बाबा जी की पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ। विद्युत साज-सज्जा से सुसज्जित रथ पर विराजित बाबा जी की पालकी का ग्राम गुलाटी के प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाओं और पूजन-अर्चन के साथ भव्य स्वागत किया।
गुलाबी ठंड के बीच ग्राम की सड़कें आकर्षक रंगोलियों और फूलों से सजाई गई थीं। यात्रा मार्ग पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य कर अपनी आस्था और भक्ति प्रकट की। उल्लेखनीय है कि श्री श्री 1008 श्री गजानन जी महाराज, श्री अंबिका आश्रम बालीपुर धाम की पालकी यात्रा का यह महोत्सव वर्ष 2008 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।
*महाआरती और प्रसादी वितरण के साथ हुआ समापन*
संपूर्ण आयोजन श्री योगेश महाराज एवं श्री सुधाकर महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। महोत्सव में शामिल होने के लिए राजधानी भोपाल से भी गुरु भक्तों की दो बसें ग्राम गुलाटी पहुंचीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मां अम्बे, गुरुजी, भोलेनाथ, गणेश जी, हनुमान जी एवं भगवान जगदीश की सामूहिक महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
आयोजन को सफल बनाने में भोपाल के विश्वनाथ दशोरे, चंद्रावती दीदी एवं कोमल दीदी सहित सतगुरु सेवा समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, सेवा और समर्पण का सुंदर संगम देखने को मिला।
