संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
पांढुर्णा / सौंसर क्षेत्र के जाम सांवली स्थित चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्थान हनुमान लोक के 5.11 करोड़ रुपये के सभा मंडप जीर्णोद्धार और सीलिंग गिरने से जुड़े अभिलेखों को लेकर उठा विवाद अब मध्य प्रदेश राज्य सूचना आयोग तक पहुंच गया है। आवेदक दिनेश लाड़से ने 25 नवंबर 2026 को धारा 19(3) के तहत द्वितीय अपील दायर कर आरोप लगाया है कि संस्थान को निजी बताकर सार्वजनिक जानकारी और जांच रिपोर्ट देने से बच निकलने की कोशिश की जा रही है।
आवेदक दिनेश लाड़से द्वारा कहा गया है कि यदि राज्य सूचना आयोग भोपाल से भी सही जानकारी नहीं मिलती तो हम हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। द्वितीय अपील में 26 मार्च 2026 के लोकार्पण शिलापट्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि उस पर मुख्यमंत्री, कलेक्टर पांढुर्णा प्रबंधक न्यास और एसडीएम प्रशासक न्यास के पदनाम दर्ज हैं और नीचे 5.11 करोड़ रुपये की दान राशि अंकित बताई गई है।
इसी राशि को लेकर 20 अगस्त 2026 को मूल आरटीआई आवेदन दाखिल कर रोकड़ बही, बैंक प्रविष्टियां, तकनीकी व प्रशासनिक स्वीकृति, निविदा, वर्क ऑर्डर, एमबी, सभा मंडप डोम की सीलिंग गिरने की जांच रिपोर्ट, सीए ऑडिट बैलेंस शीट और अभिलेख निरीक्षण की मांग की गई थी। दस्तावेजों के अनुसार सौंसर के लोक सूचना अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने 24 अगस्त 2026 को आवेदन मंदिर अध्यक्ष को अंतरित किया था।
अपील में इस बात पर तीखा सवाल उठाया गया है कि संस्थान को निजी/स्वायत्त बताकर लोक प्राधिकारी न मानने के दावों के बीच अंतरण की प्रक्रिया किस आधार पर की गई और संस्थान के जवाब में पत्राचार की तारीख व क्रमांक को लेकर भी विसंगति मौजूद है। मंदिर संस्थान की ओर से 30 सितंबर 2026 को दिए गए जवाब में खुद को निजी धार्मिक सार्वजनिक न्यास बताते हुए धारा 2(h), 8(1)(d), (e), (j) और धारा 11 के तहत छूट का तर्क रखा गया है।
इसके विपरीत अपीलकर्ता ने द्वितीय अपील में कहा है कि संस्थान म.प्र. लोक न्यास अधिनियम 1951 के तहत पंजीकृत सार्वजनिक लोक न्यास है तथा शिलापट्ट पर प्रशासनिक पदनाम अंकित होने और सभा मंडप डोम की सीलिंग गिरने जैसी घटना से जुड़े मामलों में पारदर्शिता व जवाबदेही से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह भी उल्लेख किया गया है कि तय समय में जानकारी न मिलने पर प्रथम अपील की गई और अपर कलेक्टर पांढुर्णा के 29 अक्टूबर 2026 के आदेश के क्रम में एसडीएम कार्यालय ने 5 नवंबर 2026 को पत्र भेजकर अंतरण पत्र व मंदिर के जवाब की छायाप्रति भेजी, लेकिन अपीलकर्ता के अनुसार आदेश के अनुरूप स्पष्ट निर्णय की जानकारी नहीं दी गई। अब दिनेश लाड़से ने राज्य सूचना आयोग से 90 दिवस के भीतर सुनवाई कर मूल बिंदुओं की प्रमाणित प्रतियां नि:शुल्क दिलाने, अभिलेख निरीक्षण की तिथि तय करने और संबंधित लोक सूचना अधिकारी के विरुद्ध धारा 20(1) व 20(2) के तहत कार्रवाई की मांग की है।
