प्रशासनिक सुगमता के साथ खुलेंगे विकास के नए द्वार".. जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल के समक्ष दोहराई मांग.. 100_120 किमी दूर जिला मुख्यालय जाने की मजबूरी… पांच तहसीलों को मिलाकर मनावर को नया जिला बनाया जाय…. मनावर, कुक्षी, धरमपुरी, गंधवानी और डही की करीब 15 लाख आबादी को है प्रशासनिक विकेंद्रीकरण का इंतजार …
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मध्य प्रदेश के धार जिले की पांच प्रमुख तहसीलों—मनावर, कुक्षी, धरमपुरी, गंधवानी और डही (प्रस्तावित उमरबन सहित)—को मिलाकर मनावर को स्वतंत्र जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। भौगोलिक रूप से इन सभी तहसीलों के केंद्र में स्थित मनावर को जिला मुख्यालय घोषित किए जाने से क्षेत्र की लगभग 15 लाख से अधिक आबादी को सीधा प्रशासनिक और आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
*दूरी और समय की बर्बादी सबसे बड़ी समस्या*
वर्तमान में धार जिला मुख्यालय की भौगोलिक स्थिति के कारण डही, कुक्षी, गंधवानी, धरमपुरी और मनावर के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के नागरिकों, किसानों और विद्यार्थियों को छोटे-छोटे राजस्व, पुलिस व न्यायालयीन कार्यों के लिए 75 से 120 किलोमीटर तक की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे न केवल समय और धन की बर्बादी होती है, बल्कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी कठिनाई आती है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि मनावर के केंद्र में होने के कारण इन पांचों तहसीलों से वहां पहुंचना बेहद सुगम होगा।
*सर्वदलीय समर्थन और हालिया पहल*
मनावर को जिला बनाने की यह मांग लंबे समय से क्षेत्र में एक सर्वदलीय मुद्दे के रूप में उभरी है, जिस पर समय-समय पर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने एकजुटता दिखाई है। गत दिनों पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार ने डही प्रवास के दौरान राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपकर मनावर को नया जिला घोषित करने तथा शहर के यातायात दबाव को कम करने के लिए मनावर बायपास निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। वहीं, स्थानीय विधायक डॉ. हीरालाल अलावा भी विधानसभा और शासन स्तर पर लगातार इस विषय को उठाते रहे हैं। हाल ही में जिला पंचायत सदस्य, मनावर विधानसभा के युवा नेता शिवराम गोपाल कन्नौज ने भोपाल पहुंचकर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मोहन यादव से भेट कर मनावर की विभिन्न जन समस्याओं और विकास कार्यों का मांग पत्र सौंपा जिसमें मनावर को जिला बनाए जाने की मांग मुख्य रूप से की गई।
*विकास और औद्योगिक संभावनाओं को मिलेगा बल*
क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारिक संगठनों के अनुसार, मनावर और आसपास के क्षेत्रों में सीमेंट उद्योग सहित कृषि आधारित उद्योगों की व्यापक संभावनाएं हैं। नया जिला बनने से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और सड़क संपर्क का तेजी से विस्तार होगा। मनावर में पहले से ही कई बड़े शासकीय भवन और प्रशासनिक परिसर विकसित हो चुके हैं, जिन्हें भविष्य के जिला मुख्यालय के रूप में उपयोगी माना जा रहा है।
फिलहाल, क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों की निगाहें राज्य सरकार के आगामी प्रशासनिक पुनर्गठन आयोग के फैसलों पर टिकी हैं।
