महेश्वर में 32वें निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ, मां नर्मदा की महाआरती से गूंजा घाट
कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों लोगों की मौजूदगी में विधायक श्री मेव एवं कलेक्टर श्री प्रसाद ने किया शुभारंभ
हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या में झूमे दर्शक, विधायक श्री मेव भी भजनों पर थिरकते नजर आए
24 से 26 नवंबर तक तीन दिनों तक सजेगी लोक संस्कृति और संगीत की महफिल, जिला प्रशासन ने संभाली आयोजन की व्यवस्थाएं
खरगोन 25 नवंबर 2026। मां नर्मदा के पावन तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 32वें निमाड़ उत्सव 2026 का रंगारंग एवं भव्य शुभारंभ हुआ। ऐतिहासिक महेश्वर घाट पर हजारों श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की मौजूदगी में विधायक श्री राजकुमार मेव एवं कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने मां नर्मदा की महाआरती कर तीन दिवसीय उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। नर्मदा तट पर दीपों की रोशनी, आरती के स्वर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवी बना दिया।
निमाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, कला और संगीत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह उत्सव 24 से 26 नवंबर तक चलेगा। उत्सव का आयोजन जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, भोपाल द्वारा किया जा रहा है। इसमें जिला प्रशासन खरगोन का विशेष सहयोग है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्सव के पहले दिन मां नर्मदा की महाआरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। विकास शुक्ला एवं साथियों द्वारा नर्मदा आरती की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथियों ने निमाड़ी गायन की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को निमाड़ की लोक संस्कृति से रूबरू कराया। पारंपरिक गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने आयोजन स्थल पर समां बांध दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या रही। चंडीगढ़ से आए हंसराज रघुवंशी ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक झूम उठे। भक्ति और संगीत के इस माहौल में विधायक श्री राजकुमार मेव भी भजनों पर थिरकते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर देर तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव के माध्यम से महेश्वर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच प्रदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह उत्सव न केवल क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहा है, बल्कि महेश्वर के पर्यटन को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम सुश्री पूर्वा मंडलोई सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
