ओंकारेश्वर परियोजना की नहर में गेट और पाइपलाइन की समस्या से बर्बाद हो रहा पानी, नदी-नालों में बह रही सिंचाई की धार; शिकायतों और एसडीएम को आवेदन देने के बाद भी नहीं हुआ समाधान…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। ओंकारेश्वर सिंचाई परियोजना नहर चरण-3 के सेक्टर नंबर-7 अंतर्गत माइनर नंबर-3 के किसान पिछले तीन वर्षों से नहर की अव्यवस्थाओं और सिंचाई के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि किसानों को अपने खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए खुद ही नहर की साफ-सफाई करवानी पड़ रही है। किसान अपनी जेब से राशि खर्च कर जेसीबी मशीन लगवा रहे हैं, ताकि मिट्टी से भरे पाइप और नहर के अवरुद्ध रास्तों को साफ कर सिंचाई के लिए पानी मिल सके।
किसानों का आरोप है कि नहर में कई जगह पाइप मिट्टी से पूरी तरह भरे हुए हैं। पर्याप्त साफ-सफाई किए बिना ही नहर में पानी छोड़ दिया जाता है। वहीं, कई स्थानों पर गेट नहीं होने के कारण पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय नदी-नालों में व्यर्थ बह जाता है। किसान स्वयं पानी के बहाव को रोकने का प्रयास करते हैं, लेकिन स्थायी व्यवस्था नहीं होने से उन्हें हर बार परेशानी उठानी पड़ रही है।
*दिसंबर 2024 में भी एसडीएम को दिया था आवेदन, दो साल बाद भी समस्या बरकरार*
नहर में पानी की उपलब्धता और किसानों की परेशानी का मामला नया नहीं है। ग्राम डोगरी-दसौड़ा के किसानों ने 17 दिसंबर 2024 को ही तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसील धरमपुरी को लिखित आवेदन सौंपकर ओंकारेश्वर परियोजना के अंतर्गत निर्मित नहर में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की थी।
आवेदन में किसानों ने स्पष्ट रूप से बताया था कि उनकी कृषि भूमि ओंकारेश्वर परियोजना की नहर से सिंचित होती है, लेकिन पिछले दो से तीन वर्षों से नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसके कारण उनकी कृषि भूमि असिंचित रह जाती है तथा बोई गई खरीफ की फसलें पानी के अभाव में सूखने लगती हैं। किसानों ने प्रशासन से नहर में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की थी।
इससे स्पष्ट है कि किसान लंबे समय से सिंचाई की समस्या को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
*अधिकारियों का जवाब- शासन के पास बजट नहीं, किसानों को खुद करना होगा इंतजाम*
किसानों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे कई बार विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसके अलावा एसडीएम को लिखित आवेदन देकर नहर की सफाई, पाइपलाइन की चोकिंग दूर करने और आवश्यक स्थानों पर गेट लगाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
किसानों के अनुसार, जब वे संबंधित अधिकारियों से समस्या के निराकरण की मांग करते हैं तो उन्हें कथित तौर पर जवाब मिलता है कि शासन के पास इसके लिए बजट नहीं है और किसानों को खुद ही अपने खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करनी पड़ेगी। इससे किसानों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सिंचाई परियोजना का उद्देश्य किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां किसान अपने ही खर्च पर नहर की व्यवस्था करने को मजबूर हैं।
*सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत का निराकरण भी अधूरा*
मामले में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के समाधान विवरण में 11 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज है। इसमें विभाग की ओर से बताया गया है कि ओंकारेश्वर सिंचाई परियोजना चरण-3 की डीआई-7 वितरण शाखा एम-3 में नहर की साफ-सफाई एवं पाइप क्लीनिंग का कार्य जल उपभोक्ता संस्था के माध्यम से कराया जाना प्रस्तावित है।
समाधान विवरण के अनुसार संबंधित मैदानी अधिकारी को उपलब्ध आवंटन के अंतर्गत पाइप क्लीनिंग एवं नहर की साफ-सफाई करवाकर शिकायतकर्ता सहित कमांड क्षेत्र के अन्य किसानों को सुचारू रूप से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यवाही प्रगतिरत होने के कारण शिकायत को भी प्रगतिरत रखने का उल्लेख किया गया है।
हालांकि किसानों का कहना है कि कागजों में कार्यवाही और आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन धरातल पर समस्या का स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा है।
इन किसानों ने उठाई समस्या: शाहरुख, सलीम खान, फिरोज खान, फकीरा खान, भैरूसिंह, आबिद खान, प्रकाश सिंह, बाबूलाल, मंशाराम, आसाराम, दिनेश, सहित क्षेत्र के अनेक किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम डोंगर दसोढ़ा स्थित नहर की तत्काल सफाई करवाई जाए, मिट्टी से भरे पाइपों की क्लीनिंग की जाए तथा जहां गेट नहीं हैं वहां गेट लगवाए जाएं। साथ ही पानी की बर्बादी रोककर अंतिम छोर तक के किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध कराया जाए।
किसानों का कहना है कि वर्षों से समस्या झेल रहे किसानों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर काम और स्थायी समाधान चाहिए, ताकि उन्हें अपनी फसल बचाने के लिए हर बार खुद के पैसों से नहर की सफाई और पानी पहुंचाने की व्यवस्था नहीं करनी पड़े। प्रशासन एवं संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले को गंभीरता से लेकर किसानों को राहत दिलाएं।
