रौहतापुर घाट पर पंपसेट के पानी से हुआ गंगा स्नान, श्रद्धालु मायूस
पिछली बार डूबने की घटना के बाद प्रशासन ने नदी में उतरने पर लगाई रोक
आंवला ( बरेली) गंगा स्नान के पावन पर्व पर मंगलवार को थाना अलीगंज क्षेत्र के रौहतापुर स्थित रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन प्रशासनिक इंतजामों की कमी श्रद्धालुओं को खली। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं को नदी के भीतर उतरने से रोक दिया और घाट पर ही पंपसेट लगवाकर उसके पानी से स्नान कराया।
गंगा स्नान के लिए सुबह से ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रौहतापुर घाट पहुंचने लगे थे। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग कर लोगों को रामगंगा की मुख्य धारा में जाने से रोक दिया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि पिछली पूर्णिमा के अवसर पर यहां स्नान के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई थी। इस बार किसी भी तरह की अनहोनी या हादसे से बचने के लिए एहतियातन नदी में स्नान पर प्रतिबंध लगाया गया है और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए पंपसेट के जरिए स्नान की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
दूसरी ओर, पंपसेट के पानी से स्नान करने को मजबूर श्रद्धालुओं में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। श्रद्धालुओं का कहना था कि पर्व पर नदी में डुबकी लगाने का विशेष धार्मिक महत्व होता है।
यदि प्रशासन पहले से ही घाट पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों और नावों की पुख्ता व्यवस्था कर देता, तो उन्हें इस तरह पंपसेट के पानी से स्नान नहीं करना पड़ता।
