धनबाद के तोपचांची में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बेहतर इलाज के लिए अस्पताल से रेफर की गई 10 वर्षीय बिरहोर बच्ची पुष्पा कुमारी को समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिली। परिजन और सहिया बार-बार फोन करते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। आखिरकार गुरुवार की रात करीब 11 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम है और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।चलकरी गांव निवासी महावीर बिरहोर की बेटी पुष्पा को गुरुवार सुबह बुखार और पैर में सूजन की शिकायत के बाद स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए SNMMCH धनबाद रेफर कर दिया।
बच्ची को धनबाद ले जाने के लिए सहिया पनवा देवी ने 108 एंबुलेंस सेवा पर चार-पांच बार फोन किया। इसके बावजूद देर रात तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। परिवार के पास अपना वाहन भी नहीं था। परिजन बच्ची को अस्पताल ले जाने की उम्मीद में एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन मदद पहुंचने से पहले ही रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. श्वेता गुंजन ने बताया कि क्षेत्र में उपलब्ध चार 108 एंबुलेंस में से दो खराब हैं। प्रखंड में निजी एंबुलेंस की भी व्यवस्था नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया पति दयानंद प्रमाणिक पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत सामने ला दी है। सवाल है कि जब मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाता है, तो उसे अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? चार में से दो एंबुलेंस खराब रहने के बावजूद उन्हें दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया? आखिर जरूरत के वक्त 108 सेवा क्यों नहीं पहुंची? एक मासूम की मौत के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार व्यवस्था कब जागेगी और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
