युवा संगम का आयोजन 17 नवंबर को, युवाओं को मिलेगा रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर
जिला रोजगार कार्यालय में प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक लगेगा रोजगार मेला
8वीं से स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण युवा ले सकेंगे भाग, आयोजन पूर्णतः निःशुल्क
खरगोन 13 नवंबर 2026। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 नवंबर को युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिशिप मेला) का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, पुराना कलेक्टर परिसर, खरगोन में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा।
युवा संगम में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अपनी रिक्तियों के अनुसार युवाओं की भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने वाले शासकीय विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराया जाएगा। स्वरोजगार के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवा जानकारी प्राप्त कर लाभ उठा सकेंगे।
ये युवा हो सकेंगे शामिल
रोजगार मेले में 8वीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक भाग ले सकते हैं। इच्छुक युवा अपनी शैक्षणिक योग्यताओं की अंकसूचियां, रिज्यूम/सीवी, रोजगार कार्यालय का पंजीयन, समग्र आईडी (अनिवार्य), अन्य प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां तथा पासपोर्ट साइज के दो फोटो साथ लेकर उपस्थित हों।
निःशुल्क है युवा संगम कार्यक्रम
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। युवा संगम कार्यक्रम एवं रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 07282-232787 पर संपर्क किया जा सकता है।
