मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नारायच गांव में शुक्रवार को चंद्रावल नदी के पुल से एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला ने नदी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस 108 की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार रमना निवासी सुरजा पत्नी सहदेव (60) शुक्रवार को घर से मायके जाने की बात कहकर निकली थी। बताया जा रहा है कि गृहकलह के चलते उसने नारायच गांव स्थित चंद्रावल नदी के पुल से छलांग लगा दी।
महिला को नदी में कूदता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से महिला को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
