गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी
डिंडौरी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 54 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर आवश्यक जांच एवं कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पारापानी निवासी कुमारी द्रोपती मरावी ने पेसा मोबिलाइजर के पद पर किए गए कार्य की लंबित मानदेय राशि का भुगतान कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2024 से सेवा समाप्ति की अवधि तक कार्य करने के बावजूद उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार विकासखंड अमरपुर में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालीन कर्मचारियों ने जुलाई माह से अब तक का लंबित वेतन भुगतान कराने की मांग की। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
विकासखंड अमरपुर के ग्राम समनापुर रैयत-01 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पदस्थ कार्यकर्ता स्वर्गीय श्रीमती सुशीला धुर्वे के ड्यूटी के दौरान निधन से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया गया कि परियोजना कार्यालय अमरपुर में आयोजित बैठक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। आवेदक ने शासन से मुआवजा राशि एवं अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत नारायणडीह के ग्राम टिकरी पिपरी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर बने पुराने मकानों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों के संबंध में योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत करौंदा के ग्राम सागरटोला के ग्रामीणों ने जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 के निर्माण के तहत बस्ती के बीच प्रस्तावित ओवरब्रिज के डिजाइन में संशोधन की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित निर्माण से उनके आवासीय मकान एवं पट्टे की भूमि प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सागरटोला में पिलर आधारित फ्लाईओवर निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नागरिकों को मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा
जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में नागरिकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जांच के आधार पर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया। इस पहल से नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी प्राप्त हुई।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
