सोनभद्र के हुनर को मिलेगा नया मंच, संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन सीजन-3 का आगाज
डाला में पहले ऑडिशन में 85 बच्चों ने दिखाया हुनर, बॉलीवुड कोरियोग्राफर अमित कुमार और मॉडलिंग विशेषज्ञ आदिल अंसारी रहे आकर्षण का केंद्र
डाला, सोनभद्र। जनपद के प्रतिभाशाली बच्चों और स्थानीय कलाकारों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन एंड फैशन शो सीजन-3 का आगाज हो गया।
डाला स्थित एक हॉल में आयोजित पहले ऑडिशन में 85 बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर और जूनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने डांस और मॉडलिंग के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की आयोजक श्वेता पांडेय ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सोनभद्र की प्रतिभाओं को बेहतर मंच और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा को निखारकर जिले के साथ ही प्रदेश और देश में भी अपनी पहचान बना सकें। ऑडिशन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंगल जायसवाल और विशिष्ट अतिथि इंदु शर्मा उपस्थित रहे।
वहीं, बॉलीवुड कोरियोग्राफर अमित कुमार और मॉडलिंग विशेषज्ञ आदिल अंसारी की मौजूदगी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रही। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को प्रोत्साहन मिला।
प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी कला के माध्यम से आगे बढ़ने की क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपक, संदीप, सत्यम, सौरभ, आदित्य, प्रियांशु, अनन्या और जूही सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
फोटोशूट टीम से सत्य, जस्सी और अमित ने भी अपनी भूमिका निभाई। आयोजक श्वेता पांडेय ने अपने पिता रविंद्र देव पांडेय के आशीर्वाद और सहयोग को इस सफर की अहम ताकत बताया।
श्वेता पांडेय के अनुसार, संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन का तीसरा सीजन महज एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन प्रतिभाशाली बच्चों और कलाकारों के लिए आगे बढ़ने का अवसर है, जिन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उनका लक्ष्य है कि सोनभद्र की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और हुनर के दम पर व्यापक पहचान बनाएं और जिले का नाम रोशन करें।
