बस्ती। जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विमलेश के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराकर घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, शिकायतकर्ता रामपति पत्नी स्वर्गीय फूलचंद्र, निवासी ग्राम भैसा पाण्डेय, थाना मुंडेरवा, जिला बस्ती ने बताया कि उनका नाती विमलेश अपनी नानी के घर रहता था। आरोप है कि 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे विमलेश अपने कुछ दोस्तों के साथ बस्ती में मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक, उसके साथ गए कुछ युवकों की पहचान उन्हें नहीं थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:08 बजे विमलेश के मोबाइल नंबर पर गेस्ट हाउस की लोकेशन भेजी गई थी। इसके बाद परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान विमलेश ने शाम आठ बजे तक घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन बाद में उसका मोबाइल फोन बंद बताने लगा। इससे परिजन चिंतित हो गए।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि बाद में पुलिस के माध्यम से परिजनों को विमलेश का शव पुरानी बस्ती स्थित त्रिपाठी गेस्ट हाउस में मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार, गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 107 का दरवाजा खुला था और विमलेश के गले में रस्सी बंधी हुई थी। परिजनों का दावा है कि शव की स्थिति देखकर उन्हें घटना की परिस्थितियों पर संदेह हुआ।
परिजनों ने गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराने और उसकी जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फुटेज मांगने पर गेस्ट हाउस संचालक और कर्मचारियों के व्यवहार से परिवार का संदेह और बढ़ गया। परिजनों ने मांग की है कि घटना से संबंधित सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और गेस्ट हाउस में आने-जाने वाले लोगों की भूमिका की जांच की जाए।
शिकायतकर्ता रामपति ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करने, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर उसकी जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब परिजनों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। परिवार को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच से युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और उन्हें न्याय मिल सकेगा।
