चोरी के पार्ट्स और तांबे के तार के साथ कबाड़ी गिरफ्तार, मॉडिफाइड रिक्शा भी बरामद
बरेली के थाना अलीगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी का सामान खरीदने और बेचने के आरोप में एक शातिर कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक से बना मॉडिफाइड रिक्शा, मोटरसाइकिल के पार्ट्स, पानी की मोटर की टंकियां और करीब 6 किलो 400 ग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद किया है।
कबाड़ियों के भौतिक सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस की टीम गश्त पर थी।
पुलिस टीम ने अलीगंज से बिसारतगंज रोड पर बिजली घर के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान वसीम पुत्र मंगली निवासी ग्राम तिगाही दत्तनगर, हाल निवासी कस्बा व थाना अलीगंज (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी में उसके पास से चोरी की बाइक से तैयार किया गया मॉडिफाइड रिक्शा, अलग-अलग कंपनियों की 3 मोटर की टंकियां, बाइक के 15 पार्ट्स और 6.400 किग्रा जला हुआ तांबे का तार बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह क्षेत्र में सक्रिय चोरों से बिना बिल का चोरी का माल औने-पौने दामों में खरीदता था।
इसके बाद उन्हें गलाकर व रूप बदलकर ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आंवला सीओ हेमंत उपाध्याय का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
